देहरादून:
केंद्रीय गृह मंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम की समीक्षा से लौटते समय जिलाधिकारी सविन बंसल ने तहसील भगवानपुर स्थित आंगनबाड़ी केंद्रों को पोषण सामग्री उपलब्ध कराने वाले सेंट्रल गोदाम का औचक निरीक्षण किया। लंबे समय से आंगनबाड़ी केंद्रों में आपूर्ति की जा रही सामग्री की गुणवत्ता को लेकर मिल रहे इनपुट के आधार पर यह कार्रवाई की गई।
मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी ने माढी चौक स्थित गोदाम पहुंचकर भंडारण व्यवस्था और सप्लाई की जा रही सामग्री की गुणवत्ता का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान खजूर, केले और अंडों के सैंपल लिए गए, जिन्हें परीक्षण के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने गोदाम संचालकों को खाद्य सामग्री के सुरक्षित भंडारण और तापमान नियंत्रण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सामग्री आपूर्तिकर्ता से निर्गत गुणवत्ता प्रमाणपत्र भी मांगे गए हैं।
निरीक्षण के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए राशन लेकर रवाना हो रहे वाहनों को भी मौके पर रुकवाकर जांच की गई। टिहरी, उत्तरकाशी और डोईवाला के लिए जा रहे वाहनों से खाद्य सामग्री के नमूने लेकर परीक्षण के लिए सुरक्षित कराए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देश हैं कि राज्य के नौनिहालों और धात्री महिलाओं के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि आंगनबाड़ी केंद्रों में आपूर्ति की जा रही सामग्री की गुणवत्ता को लेकर किसी भी शिकायत की सूचना तुरंत प्रशासन को दें, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके।
छापेमारी के दौरान उप जिलाधिकारी सदर हरि गिरी, जिला कार्यक्रम अधिकारी बाल विकास जितेंद्र कुमार, तहसीलदार सुरेंद्रदेव, कानूनगो संजय कुमार और श्रम विभाग के अनिल पुरोहित सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

